रायपुर। Vice President Raipur Visit: उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन आज छत्तीसगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर रायपुर पहुंच गए हैं। स्वामी विवेकानंद अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचने पर राज्यपाल रमेन डेका, जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए एयरपोर्ट से लेकर AIIMS रायपुर तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
रायपुर पहुंचने के बाद उपराष्ट्रपति AIIMS रायपुर के तीसरे दीक्षांत समारोह में शामिल होने के लिए रवाना होंगे। वे कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होकर मेडिकल शिक्षा पूरी करने वाले छात्र-छात्राओं को डिग्री प्रदान करेंगे। दीक्षांत समारोह को लेकर AIIMS परिसर में भी विशेष तैयारियां की गई हैं।
AIIMS के तीसरे दीक्षांत समारोह में होंगे शामिल
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उपराष्ट्रपति सुबह करीब 10:45 बजे से दोपहर 12:35 बजे तक AIIMS परिसर में रहेंगे। इस दौरान वे छात्र-छात्राओं को डिग्री और अन्य शैक्षणिक सम्मान प्रदान करेंगे।
उपराष्ट्रपति के दौरे को लेकर प्रशासन ने एयरपोर्ट से AIIMS तक सुरक्षा, ट्रैफिक और रूट व्यवस्था को लेकर विशेष इंतजाम किए हैं। अधिकारियों को वीआईपी प्रोटोकॉल के तहत सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
दोपहर बाद दिल्ली लौटेंगे उपराष्ट्रपति
AIIMS में कार्यक्रम समाप्त होने के बाद उपराष्ट्रपति दोपहर करीब 12:35 बजे रायपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे। करीब 1:15 बजे एयरपोर्ट पहुंचने के बाद विदाई कार्यक्रम होगा और 1:25 बजे विशेष विमान से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
उपराष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत रखा गया है। एयरपोर्ट, AIIMS और वीआईपी रूट पर सुरक्षा बलों की तैनाती के साथ यातायात व्यवस्था पर भी विशेष नजर रखी जा रही है।
