Chhattisgarh News: स्वाइन फ्लू के 170 केस से बढ़ी चिंता, स्वास्थ्य मंत्री बोले- विभाग अलर्ट; BAMS इंटर्न के स्टाइपेंड पर जल्द फैसला

newsgarh07@gmail.com
2 Min Read

रायपुर। Chhattisgarh News: छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू और कोरोना संक्रमण के मामलों को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि प्रदेश में अब तक स्वाइन फ्लू के करीब 170 मामले सामने आ चुके हैं, जबकि कोरोना के 2 केस दर्ज किए गए हैं। उन्होंने कहा कि स्वाइन फ्लू से संक्रमित ज्यादातर मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हो रहे हैं और स्थिति पर स्वास्थ्य विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।

सभी जिलों को अलर्ट रहने के निर्देश
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि कोरोना संक्रमित मरीजों को क्वारेंटाइन कर उनकी निगरानी की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में आवश्यक दवाओं और इलाज से संबंधित संसाधनों की फिलहाल कोई कमी नहीं है।

बारिश के मौसम को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने सभी जिलों के CMHO (मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी) को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने लोगों से भी अपील की है कि बारिश के दौरान साफ-सफाई का ध्यान रखें और संक्रमण से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतें।

Chhattisgarh Swine Flu Cases: BAMS इंटर्न पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री के आवास
वहीं, आयुर्वेद कॉलेज के BAMS इंटर्न अपनी मांगों को लेकर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मिलने उनके निवास पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने MBBS इंटर्न के समान BAMS इंटर्न के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी किए जाने की मांग रखी।

मंत्री ने कहा कि BAMS इंटर्न की मांग केवल स्टाइपेंड बढ़ाने तक सीमित नहीं है। उनकी प्रमुख मांग यह है कि यदि MBBS इंटर्न के स्टाइपेंड में बढ़ोतरी की जाती है, तो BAMS इंटर्न को भी उसी अनुपात में इसका लाभ मिलना चाहिए।

स्टाइपेंड बढ़ोतरी पर जल्द निर्णय की उम्मीद
स्वास्थ्य मंत्री ने BAMS इंटर्न को उनकी मांग पर विचार करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस विषय पर सकारात्मक तरीके से विचार कर रही है और कोशिश की जाएगी कि प्रक्रिया में अनावश्यक देरी न हो। मंत्री के आश्वासन के बाद BAMS इंटर्न को जल्द निर्णय होने की उम्मीद है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment