BJYM District President Show Cause Notice: बाईपास की मांग को लेकर पदयात्रा का ऐलान पड़ा भारी, भाजयुमो जिलाध्यक्ष को पार्टी ने थमाया कारण बताओ नोटिस

newsgarh07@gmail.com
3 Min Read

पेंड्रा। BJYM District President Show Cause Notice: गौरेला-पेंड्रा बाईपास की मांग को लेकर सोशल मीडिया पर पदयात्रा का ऐलान करना भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष सिद्धार्थ दुबे के लिए मुश्किलें बढ़ाने वाला साबित हुआ है। पार्टी संगठन ने उनके सोशल मीडिया पोस्ट को संगठनात्मक अनुशासन और मर्यादा के विपरीत मानते हुए कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संगठन ने उनसे तीन दिनों के भीतर लिखित जवाब प्रस्तुत करने को कहा है।

गौरेला से नागपुर तक पदयात्रा का किया था ऐलान
दरअसल, सिद्धार्थ दुबे ने सोशल मीडिया के जरिए गौरेला से नागपुर तक पदयात्रा निकालने की घोषणा की थी। उनके प्रस्ताव के मुताबिक, पदयात्रा के दौरान रायपुर में उपमुख्यमंत्री अरुण साव से मुलाकात की जानी थी। इसके बाद नागपुर पहुंचकर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सामने गौरेला-पेंड्रा बाईपास को मंजूरी देने की मांग रखने की बात कही गई थी।

सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने बाईपास नहीं होने के कारण क्षेत्र में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि का मुद्दा भी उठाया था। पदयात्रा के पीछे क्षेत्र में आवागमन को बेहतर बनाने, सड़क हादसों पर रोक लगाने और स्थानीय लोगों को राहत दिलाने को उद्देश्य बताया गया था।

image 2

पार्टी ने सोशल मीडिया पोस्ट पर मांगा जवाब
संगठन की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस में कहा गया है कि सिद्धार्थ दुबे ने 22 और 31 अगस्त को फेसबुक के माध्यम से पार्टी संगठन तथा संगठनात्मक विषयों से संबंधित पोस्ट और टिप्पणियां सार्वजनिक की थीं। संगठन ने इन पोस्ट को निर्धारित संगठनात्मक मर्यादा के अनुरूप नहीं माना है। इसी आधार पर उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया है और तीन दिन के भीतर लिखित जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।

अब जवाब पर टिकी नजर
बाईपास जैसे स्थानीय और लंबे समय से उठ रहे मुद्दे को लेकर पदयात्रा का ऐलान करने के बाद संगठन की ओर से नोटिस जारी होने से जिले के राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है। अब नजर इस बात पर है कि सिद्धार्थ दुबे संगठन को क्या जवाब देते हैं और उनके जवाब के बाद पार्टी की ओर से आगे क्या कार्रवाई की जाती है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment