रायपुर। RAIPUR NEWS: जन्माष्टमी के अवसर पर घोषित शुष्क दिवस के दौरान शराब बेचने के आरोप में मौदहापारा पुलिस ने प्लैटिनम बार के संचालक और कांग्रेस नेता पलाश मल्होत्रा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान शराब की एक बोतल और बिक्री से मिली नकदी बरामद करने का दावा किया है। मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है।
पुलिस के मुताबिक, 4 सितंबर को जन्माष्टमी के चलते रायपुर जिले में शुष्क दिवस घोषित किया गया था। इस दौरान शराब दुकानों के साथ बार में भी शराब की बिक्री और परोसने पर प्रतिबंध था। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि मौदहापारा के गली नंबर-1 में पूनम होटल के सामने स्थित प्लैटिनम बार से शराब निकालकर ग्राहकों को बेची जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस ने बार की गतिविधियों पर निगरानी रखी और देर रात करीब 10:30 बजे दबिश दी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने पलाश मल्होत्रा को कथित तौर पर शराब बिक्री करते हुए पकड़ा। तलाशी में 750 एमएल की सिमरन ऑफ मिन्टी जामुन अंग्रेजी शराब की एक बोतल बरामद हुई, जिसकी कीमत करीब 1,150 रुपये बताई गई है। इसके अलावा पुलिस ने शराब बिक्री से प्राप्त 2,300 रुपये नकद भी जब्त किए। पुलिस के अनुसार जब्त शराब और नकदी की कुल कीमत करीब 3,450 रुपये है।
Palash Malhotra Arrested: युवक कांग्रेस से जुड़ा रहा है आरोपी
पुलिस के अनुसार, पलाश मल्होत्रा पूर्व में उत्तर विधानसभा युवक कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुका है। वर्तमान में उसका नाम प्रदेश महासचिव युवक कांग्रेस पद के प्रत्याशी के तौर पर भी सामने आया है। ऐसे में शुष्क दिवस के दौरान शराब बिक्री के आरोप में उसकी गिरफ्तारी को लेकर राजनीतिक चर्चा भी शुरू हो गई है।
Palash Malhotra Arrested: सुरक्षा गार्ड की भूमिका की भी जांच
पुलिस अब यह जांच कर रही है कि बार से शराब बाहर निकालने और ग्राहकों तक पहुंचाने में सुरक्षा गार्ड की कोई भूमिका थी या नहीं। पुलिस के मुताबिक, गार्ड के खिलाफ भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जानकारी आबकारी विभाग को भेजी जाएगी। साथ ही प्लैटिनम बार के लाइसेंस को निलंबित या निरस्त करने की अनुशंसा किए जाने की बात कही गई है। लाइसेंस पर अंतिम निर्णय आबकारी विभाग द्वारा लिया जाएगा।
