वडोदरा। PM Modi Vadodara Event: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आज को होने वाले वडोदरा कार्यक्रम को लेकर लोगों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में आम लोगों की भागीदारी के लिए शुरू किए गए फ्री ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन को जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। BookMyShow पर रजिस्ट्रेशन शुरू होने के करीब एक घंटे के भीतर ही सभी उपलब्ध सीटें बुक हो गईं, जबकि 42 हजार से ज्यादा लोगों को वेटिंग लिस्ट में जगह मिली है। गुजरात के उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी जानकारी साझा की।
रजिस्ट्रेशन शुरू होते ही उमड़ी भीड़
प्रधानमंत्री मोदी अपने गुजरात दौरे के दौरान वडोदरा में कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन, लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। कार्यक्रम में आम लोगों को शामिल करने के लिए वडोदरा नगर निगम ने BookMyShow के माध्यम से निशुल्क ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था की थी।
रजिस्ट्रेशन विंडो खुलते ही बड़ी संख्या में लोगों ने सीटें बुक करनी शुरू कर दीं। देखते ही देखते उपलब्ध सीटें पूरी तरह भर गईं और इसके बाद रजिस्ट्रेशन बंद कर दिया गया। 42,000 से अधिक लोगों को वेटिंग लिस्ट में रखा गया है, जिससे कार्यक्रम को लेकर लोगों की दिलचस्पी का अंदाजा लगाया जा सकता है।
QR कोड से होगी एंट्री, डिजिटल टिकट से पूरा सिस्टम
कार्यक्रम में प्रवेश के लिए भी डिजिटल व्यवस्था लागू की गई है। रजिस्ट्रेशन कराने वाले लोगों को BookMyShow अकाउंट के जरिए डिजिटल M-Ticket दिया जाएगा। टिकट में मौजूद सिक्योर लाइव QR कोड को कार्यक्रम स्थल पर स्कैन करने के बाद ही एंट्री मिलेगी।
प्रशासन ने रजिस्ट्रेशन, पहचान सत्यापन, प्रवेश और सीट आवंटन जैसी व्यवस्थाओं को डिजिटल सिस्टम से जोड़ने की तैयारी की है। बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी को देखते हुए यह व्यवस्था भीड़ नियंत्रण और सुचारु प्रवेश में मददगार मानी जा रही है।
वडोदरा को मिलेंगी कई बड़ी विकास परियोजनाएं
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वडोदरा दौरे के दौरान रेलवे, सड़क और माल परिवहन से जुड़ी कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत की जाएगी। कार्यक्रम में Western Dedicated Freight Corridor (WDFC) के तीन सेक्शन राष्ट्र को समर्पित किए जाएंगे।
इन तीनों सेक्शन की कुल लंबाई करीब 326 रूट किलोमीटर है और इन पर 20,700 करोड़ रुपये से अधिक का निवेश हुआ है। इनमें सानंद (नॉर्थ)-मकरपुरा, न्यू उमरगांव-न्यू सफाले और न्यू सफाले-JNPT सेक्शन शामिल हैं। इन परियोजनाओं से औद्योगिक क्षेत्रों को बंदरगाहों से जोड़ने वाली माल ढुलाई व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
चार प्रमुख स्थानों से फ्रेट ट्रेन को हरी झंडी
प्रधानमंत्री न्यू सानंद (नॉर्थ), न्यू मकरपुरा, न्यू उमरगांव और मुंबई के न्यू JNPT से फ्रेट ट्रेन सेवाओं को हरी झंडी दिखाएंगे। इससे पश्चिमी समर्पित माल गलियारे पर माल परिवहन की क्षमता और रफ्तार बढ़ाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही वडोदरा-टांडा रोड के बीच नई पैसेंजर ट्रेन सेवा की शुरुआत भी की जाएगी। इस ट्रेन सेवा से वडोदरा के अलावा छोटा उदेपुर और अलीराजपुर क्षेत्र के यात्रियों को बेहतर रेल कनेक्टिविटी मिलने की उम्मीद है।
329 किमी की रेल परियोजनाओं की रखी जाएगी नींव
कार्यक्रम के दौरान करीब 329 किलोमीटर लंबी तीन रेलवे परियोजनाओं का शिलान्यास भी किया जाएगा। इनकी अनुमानित लागत 9,700 करोड़ रुपये से अधिक बताई गई है। इनमें वडोदरा-रतलाम के बीच तीसरी और चौथी रेल लाइन, मियागाम करजन-चोरंदा-मालसर गेज कन्वर्जन और विश्वामित्री-डभोई रेलवे लाइन के डबलिंग प्रोजेक्ट शामिल हैं। परियोजनाओं के पूरा होने के बाद रेल नेटवर्क की क्षमता बढ़ने और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी बेहतर होने की उम्मीद है।
नेशनल हाईवे और गुजरात के विकास कार्य भी शामिल
प्रधानमंत्री करीब 1,780 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत वाले तीन नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास भी करेंगे। इसके अलावा गुजरात सरकार से जुड़े करीब 2,600 करोड़ रुपये के विकास कार्यों को भी कार्यक्रम में शामिल किया गया है।
यानी वडोदरा में होने वाला यह कार्यक्रम सिर्फ प्रधानमंत्री के जनसंवाद तक सीमित नहीं रहेगा। इसमें रेलवे, फ्रेट कॉरिडोर, हाईवे और राज्य सरकार की कई बड़ी परियोजनाओं की शुरुआत होगी। वहीं BookMyShow पर सीटों के लिए मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया ने कार्यक्रम को लेकर लोगों की उत्सुकता को पहले ही सामने ला दिया है।
