रायपुर। CG Ration News: छत्तीसगढ़ के राशन कार्ड धारकों के लिए बड़ी राहत की खबर है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के तहत प्रदेश के करीब 82 लाख परिवारों को फरवरी 2026 में ही दो महीने का राशन एकमुश्त उपलब्ध कराया जाएगा। इस फैसले से राज्य योजना के अंतर्गत आने वाले लाखों हितग्राहियों को सीधा लाभ मिलेगा।
सरकार के निर्देशानुसार, फरवरी माह में ही मार्च का राशन भी वितरित किया जाएगा। इस संबंध में सभी कलेक्टरों और राज्य नागरिक आपूर्ति निगम को समयबद्ध और सुचारू वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
कौन-कौन से राशन कार्ड धारक होंगे लाभान्वित?
राज्य खाद्य योजना के अंतर्गत अंत्योदय राशन कार्डधारी, प्राथमिकता परिवार, एकल निराश्रित, निःशक्तजन राशन कार्डधारी को उनकी पात्रता के अनुसार फरवरी और मार्च माह का सामान्य (नॉन-फोर्टिफाइड) चावल एकमुश्त दिया जाएगा। चूंकि आबंटन एक साथ किया गया है, इसलिए सभी उचित मूल्य दुकानों को पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। (CG Ration News)
चावल के साथ ये सामग्री भी मिलेगी
- फरवरी माह के लिए नमक, शक्कर और गुड़ का आबंटन भी जारी
- उचित मूल्य दुकानों को सभी सामग्री निर्धारित मात्रा के अनुसार वितरण करने के निर्देश
- किसी भी प्रकार की अनियमितता पर सख्त कार्रवाई के संकेत
बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य
राशन वितरण के दौरान हितग्राहियों को ई-पास मशीन में पृथक-पृथक बायोमेट्रिक प्रमाणीकरण कराना होगा।इसके लिए AEpDS सॉफ्टवेयर में आवश्यक तकनीकी व्यवस्था की जा रही है। अधिकारियों ने दुकानदारों को पहले से हितग्राहियों को इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए हैं, ताकि वितरण के समय किसी तरह की परेशानी न हो।
चावल स्टॉक को लेकर चिंता
हालांकि, वितरण व्यवस्था के बीच चावल के स्टॉक को लेकर चिंता भी सामने आई है।प्रदेश में 15 नवंबर 2025 से धान खरीदी शुरू होने के बावजूद, 31 जनवरी 2026 तक राइस मिलर्स से अपेक्षित मात्रा में चावल का उठाव नहीं हो सका है। मिलिंग की धीमी गति के कारण श्रमिक व्यवस्था, उद्योग संचालन, आपूर्ति तंत्र पर व्यापक असर पड़ने की आशंका जताई जा रही है।
News Garh 24