Breaking News
Gwalior News 1

Gwalior Crime News: बॉयफ्रेंड ने पत्थर से कुचलकर की हत्या, AI से हुई महिला की पहचान, आमलेट के टुकड़े से कातिल तक पहुंची पुलिस

Gwalior Crime News: ग्वालियर से सामने आई एक सनसनीखेज हत्या की गुत्थी को पुलिस ने हाईटेक तकनीक और सटीक जांच के दम पर सुलझा लिया है। नारायण विहार कॉलोनी की झाड़ियों में 7 दिन पहले मिले अर्धनग्न महिला के शव की पहचान AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) से तैयार फोटो के जरिए की गई। इसके बाद एक आमलेट के टुकड़े ने पुलिस को सीधे कातिल तक पहुंचा दिया।

AI तकनीक से हुई महिला की पहचान
पुलिस को जब शव की शिनाख्त में कोई सुराग नहीं मिला, तब आधुनिक तकनीक का सहारा लिया गया। AI से महिला का स्केच और फोटो तैयार कराया गया। इस फोटो को मजदूर बस्तियों, मेला ग्राउंड और ठेला लगाने वालों के बीच दिखाया गया। ठेले वालों ने महिला को ‘कालीबाई’ के नाम से पहचाना, लेकिन आगे की जांच में खुलासा हुआ कि महिला असल में टीकमगढ़ निवासी सुनीता पाल थी।

बॉयफ्रेंड ने शक में की हत्या
जांच में सामने आया कि सुनीता की हत्या उसके नए बॉयफ्रेंड सचिन सेन (ग्वालियर निवासी) ने की थी। पुलिस के अनुसार, दोनों पिछले सात दिनों से साथ रह रहे थे और रिलेशनशिप में थे। सचिन को जब सुनीता के अन्य पुरुषों से संबंध होने की जानकारी मिली, तो उसने गुस्से और शक में आकर पत्थर से चेहरा कुचलकर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी।

आमलेट के टुकड़े से टूटी गुत्थी
हत्या स्थल पर महिला के पास आमलेट का एक टुकड़ा मिला था। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने आसपास के करीब 200 अंडे के ठेलों की जांच की। एक ठेले वाले ने महिला और आरोपी को साथ में पहचान लिया, जिससे पुलिस को आरोपी तक पहुंचने में सफलता मिली।

सात शादियों का भी खुलासा
जांच के दौरान जब पुलिस टीकमगढ़ में मृतका के घर पहुंची, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ। स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुनीता ने छह से सात शादियां की थीं। उसके दाहिने हाथ पर गुदा हुआ ‘पप्पू’ नाम उसके पहले पति का था, जिसे वह करीब दो साल पहले छोड़ चुकी थी।

आरोपी ने कबूला जुर्म
पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान सचिन सेन ने हत्या की बात कबूल कर ली। उसने बताया कि सुनीता ने उससे कहा था कि वह अपना पिछला जीवन छोड़ चुकी है, लेकिन बाद में सच्चाई सामने आने पर उसने यह खौफनाक कदम उठाया।

पुलिस का बयान
एसएसपी ग्वालियर धर्मवीर सिंह ने बताया कि महिला की हत्या अवैध संबंधों के शक में की गई है। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।(Gwalior Crime News)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *