दुर्ग। Durg News: शहर के इंदिरा मार्केट में नामी ब्रांड Titan और Fastrack के नाम पर कथित तौर पर नकली घड़ियां बेचने के मामले का पुलिस ने खुलासा किया है। दुर्ग कोतवाली पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सत कबीर वॉच के संचालक कमलेश निर्मलकर को गिरफ्तार किया है। पुलिस की तलाशी में दुकान से बड़ी संख्या में नकली घड़ियां, फर्जी टैग और मोबाइल फोन बरामद किया गया है।
शिकायत के बाद दुकान में पहुंची पुलिस, सामने आया पूरा मामला
पुलिस के मुताबिक, Titan कंपनी की ओर से ब्रांड की असली-नकली जांच और कार्रवाई के लिए अधिकृत प्रतिनिधि गौरव तिवारी ने दुर्ग कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में इंदिरा मार्केट स्थित सत कबीर वॉच पर Titan और Fastrack के नाम और ट्रेडमार्क का कथित रूप से गलत इस्तेमाल कर नकली घड़ियां बेचने का आरोप लगाया गया था। शिकायत की जांच के बाद पुलिस टीम ने दुकान पर दबिश दी और सामान की जांच की।
280 नकली घड़ियां और 275 फर्जी टैग जब्त
तलाशी के दौरान पुलिस को दुकान से Titan और Fastrack की 280 नकली घड़ियां मिलीं। इसके अलावा Fastrack के 275 फर्जी टैग और एक मोबाइल फोन भी जब्त किया गया। पुलिस का आरोप है कि इन घड़ियों को असली ब्रांड का उत्पाद बताकर ग्राहकों को बेचा जा रहा था, जिससे अवैध मुनाफा कमाया जा रहा था।
कॉपीराइट एक्ट और BNS में केस, आरोपी गिरफ्तार
एएसपी मणिशंकर चंद्रा के अनुसार, आरोपी के खिलाफ कॉपीराइट अधिनियम 1957 की धारा 63 और BNS की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने कमलेश निर्मलकर को गिरफ्तार कर आगे की जांच शुरू कर दी है। अब पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि नकली घड़ियों की सप्लाई कहां से होती थी और इस नेटवर्क में कोई अन्य व्यक्ति शामिल है या नहीं।
पुलिस ने ग्राहकों से अपील की है कि ब्रांडेड सामान खरीदते समय उसकी प्रामाणिकता और बिल जरूर जांचें। नकली उत्पाद की बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील भी की गई है।
