बिलासपुर में Swine Flu का बढ़ा खतरा: 7 मरीज मिले, स्वास्थ्य विभाग ने बढ़ाई निगरानी; इन लक्षणों को न करें नजरअंदाज

newsgarh07@gmail.com
4 Min Read

बिलासपुर। जिले में स्वाइन फ्लू (Swine Flu) के मामले लगातार सामने आने से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। जिले में अब तक 7 मरीजों में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हो चुकी है। मरीजों की जानकारी सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने प्रभावित क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है। विभाग की टीमें संक्रमित मरीजों के इलाकों में पहुंचकर सर्वे कर रही हैं और उनके संपर्क में आए लोगों की जानकारी जुटा रही हैं।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. शुभा गरेवाल के अनुसार, जिले में मिले सात संक्रमित मरीजों में से चार का उपचार बिलासपुर के अपोलो अस्पताल में, एक मरीज का उपचार रायपुर में और दो मरीजों का उपचार जन स्वास्थ्य केंद्र, गनियारी में चल रहा है। स्वास्थ्य विभाग सभी मरीजों की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। साथ ही संक्रमित मरीजों के संपर्क में आए लोगों की निगरानी भी की जा रही है, ताकि संक्रमण के संभावित मामलों की समय पर पहचान की जा सके।

सिम्स में Swine Flu की जांच की सुविधा
संदिग्ध मरीजों की जल्द पहचान और समय पर उपचार शुरू करने के लिए सिम्स में स्वाइन फ्लू की जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। किसी क्षेत्र से पॉजिटिव मरीज की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीमें वहां सर्वे कर रही हैं। इस दौरान मरीज के संपर्क में आए लोगों के साथ ही आसपास के ऐसे लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है, जिनमें फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दे रहे हैं।

बुखार-खांसी को सामान्य वायरल समझना पड़ सकता है भारी
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक, मौसम में बदलाव के दौरान बुखार, सर्दी और खांसी को लोग अक्सर सामान्य वायरल समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन लगातार बुखार, तेज खांसी, सांस लेने में परेशानी या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई दें तो इसे सामान्य वायरल मानकर खुद से दवा लेना उचित नहीं है। ऐसे लक्षण बने रहने या स्थिति बिगड़ने पर चिकित्सक से जांच और उचित सलाह लेना जरूरी है।

बच्चे और बुजुर्ग रहें ज्यादा सतर्क
स्वाइन फ्लू से बचाव के लिए छोटे बच्चों, बुजुर्गों और पहले से गंभीर बीमारी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। संक्रमित व्यक्ति के खांसने या छींकने से निकलने वाली बूंदों और नजदीकी संपर्क के जरिए संक्रमण फैल सकता है। घर में किसी व्यक्ति में फ्लू जैसे लक्षण दिखाई दें तो उसके साथ अनावश्यक नजदीकी संपर्क से बचने, हाथों की नियमित सफाई करने और कमरे में पर्याप्त हवा का आवागमन बनाए रखने की सलाह दी गई है।

स्वास्थ्य विभाग की अपील
सीएमएचओ डॉ. शुभा गरेवाल ने लोगों से अपील की है कि फ्लू जैसे लक्षणों को हल्के में न लें और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय जांच कराएं। स्वास्थ्य विभाग की टीमें संक्रमित मरीजों के क्षेत्रों में सर्वे कर रही हैं और सिम्स में जांच की सुविधा उपलब्ध है। समय पर पहचान और सावधानी के जरिए संक्रमण के प्रसार को नियंत्रित करने पर विभाग का जोर है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a Comment