Kashi Express Bomb Threat: काशी एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की धमकी, मऊ रेलवे स्टेशन पर हड़कंप, संदिग्ध बैग मिलने से बढ़ी सतर्कता

newsgarh07@gmail.com
2 Min Read

मऊ। Kashi Express Bomb Threat: उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब काशी एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की सूचना सामने आई। धमकी मिलते ही मऊ रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं। स्टेशन परिसर में मौजूद यात्रियों को तत्काल सुरक्षित बाहर निकाला गया और पूरे क्षेत्र को घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान शुरू किया गया।

स्टेशन पर मिला संदिग्ध बैग
तलाशी के दौरान रेलवे स्टेशन परिसर में एक संदिग्ध बैग भी बरामद हुआ, जिसे सुरक्षा के लिहाज से तुरंत अलग कर दिया गया। पुलिस और बम निरोधक दस्ते द्वारा बैग की जांच की जा रही है। फिलहाल किसी विस्फोटक की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियातन पूरे स्टेशन को खंगाला जा रहा है।

अज्ञात कॉल से मिली धमकी
पूर्वोत्तर रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि रेलवे विभाग को अज्ञात फोन कॉल के जरिए काशी एक्सप्रेस को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद तत्काल रेलवे पुलिस, जीआरपी, बम स्क्वॉड और स्थानीय पुलिस बल को मौके पर तैनात कर दिया गया।

पल-पल की गतिविधियों पर नजर
सुरक्षा एजेंसियां स्टेशन की हर गतिविधि पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर पूरे ऑपरेशन की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी प्रकार का जोखिम नहीं लिया जा रहा है।

यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया
अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार ने बताया कि धमकी की सूचना मिलते ही मऊ जंक्शन पर ट्रेन में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर जांच-पड़ताल की जा रही है। यात्रियों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।

जांच जारी, अलर्ट पर रेलवे प्रशासन
फिलहाल सुरक्षा जांच जारी है और रेलवे प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। संदिग्ध कॉल करने वाले की पहचान और बैग की जांच के बाद स्थिति स्पष्ट होगी।

Share This Article
Leave a Comment