रायपुर। SBI Cheque Fraud in Raipur: राजधानी रायपुर में बैंकिंग दस्तावेजों से कथित छेड़छाड़ कर 4.40 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। तात्यापारा निवासी आनंद कुसरे ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि बैंक में जमा किया गया अकाउंट पेयी चेक कथित तौर पर गायब हो गया और बाद में चेक में कुटरचना तथा फर्जी आधार कार्ड के इस्तेमाल के जरिए SBI की संतोषी नगर शाखा से पूरी रकम नकद निकाल ली गई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संपत्ति सौदे के बाद जारी हुआ था चेक
शिकायत के अनुसार, आनंद कुसरे ने अपनी संपत्ति का सौदा सोनम वर्मा के साथ किया था। रजिस्ट्री से पहले सोनम वर्मा ने 14 जुलाई 2026 की तारीख वाला चेक नंबर 669171, 4 लाख 40 हजार रुपये की राशि का अकाउंट पेयी चेक आनंद कुसरे के नाम जारी किया था। आनंद ने 15 जुलाई को यह चेक SBI की तात्यापारा शाखा स्थित अपने खाते में जमा किया था।
बैंक ने चेक गुम होने की दी जानकारी
आनंद के मुताबिक, 16 जुलाई को उन्होंने बैंक से चेक की स्थिति और भुगतान के बारे में जानकारी ली, लेकिन रकम उनके खाते में जमा नहीं हुई थी। अगले दिन बैंक कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि चेक गुम हो गया है और फिलहाल केवल जमा पर्ची उपलब्ध है। इसके बाद 20 जुलाई को बैंक पहुंचने पर उन्हें कथित तौर पर पता चला कि चेक की पूरी रकम SBI की संतोषी नगर शाखा से नकद निकाली जा चुकी है।
फर्जी हस्ताक्षर और आधार कार्ड के इस्तेमाल का आरोप
मामले की जानकारी मिलने के बाद शिकायतकर्ता संतोषी नगर शाखा पहुंचे और चेक व भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी ली। उनका आरोप है कि चेक के पीछे उनके नाम से फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे। रकम निकालने वाले व्यक्ति ने रिकॉर्ड में अपना मोबाइल नंबर भी दर्ज कराया था।
शिकायतकर्ता का यह भी आरोप है कि रकम निकालने के लिए इस्तेमाल किए गए आधार कार्ड पर नाम उनका था, लेकिन फोटो किसी दूसरे व्यक्ति की लगी हुई थी। आधार नंबर और पता भी उनके वास्तविक दस्तावेजों से अलग बताए गए हैं। बैंक प्रबंधन की ओर से कथित तौर पर CCTV फुटेज का फोटो भी उपलब्ध कराया गया, जिसमें रकम निकालने वाले व्यक्ति की तस्वीर दिखाई दे रही है।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ FIR
आनंद कुसरे ने पुलिस से चेक में कथित कुटरचना, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और बैंक से रकम निकालने वाले व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है। कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह के अनुसार, शिकायत के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड, CCTV फुटेज, चेक और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है।
